जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा फूट पड़ा है। लोग पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस बीच भारत सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए देश में रह रहे पाकिस्तानियों को वापस लौटने के निर्देश दिए हैं। इसी फैसले के चलते अब पाकिस्तान से आई सीमा हैदर के भारत में रहने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
32 वर्षीय सीमा हैदर वर्ष 2023 में अवैध रूप से भारत आई थीं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा निवासी 24 वर्षीय सचिन मीना से विवाह कर लिया था। हाल ही में सीमा और सचिन माता-पिता भी बने हैं। अब जब सीमा के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं, तो बॉलीवुड की ड्रामा क्वीन राखी सावंत उनके समर्थन में सामने आई हैं।
राखी सावंत का समर्थन में वीडियो संदेश
राखी सावंत ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने कहा, “सीमा हैदर को पाकिस्तान नहीं भेजा जाना चाहिए। वह अब भारत की बहू है, सचिन की पत्नी है और उनके बच्चे की मां है। अब वह पूरी तरह से हिंदुस्तानी बन चुकी है। एक मां के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। यदि वह मां न बनी होती तो शायद बात अलग होती, लेकिन अब वह हमारे देश की बहू है। उसके साथ कोई गलत व्यवहार नहीं होना चाहिए।”
राखी ने आगे कहा, “सीमा ने सचिन से शादी कर ली है, वह अब हिंदू धर्म अपना चुकी है। वह भारत के समर्थन में नारे लगाती है और भारतीय संस्कृति को अपना चुकी है। एक महिला के साथ ऐसा व्यवहार करना ठीक नहीं है। वह कोई फुटबॉल नहीं है जिसे एक देश से दूसरे देश में फेंक दिया जाए। मैं भारत सरकार से हाथ जोड़कर अनुरोध करती हूं कि सीमा हैदर को भारत से न निकाला जाए।”
भारत सरकार का सख्त रुख
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों में कटौती करते हुए पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी हैं। सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इसी निर्णय के चलते सीमा हैदर का भविष्य भी सवालों के घेरे में आ गया है।